रूस दुनिया को दिखा रहा महाविनाशक यार्स परमाणु मिसाइल, अमेरिका तक मचा सकती तबाही

मास्को: यूक्रेन में चल भीषण युद्ध के बीच रूस की सेना ने अपनी महाविनाशक यार्स अंतरमहाद्वीपीय मिसाइल के साथ अभ्यास शुरू किया है। इस मिसाइल की रेंज 12 हजार किमी है और यह अमेरिका तक तबाही मचा सकती है। यह रूसी यार्स इतना खतरनाक है कि केवल एक मिसाइल अपने साथ कई परमाणु बम ले जा सकती है। इस अभ्यास में रूस के हजारों की तादाद में सैनिक भी हिस्सा ले रहे हैं। माना जा रहा है कि इस अभ्यास के जरिए रूस अपनी परमाणु ताकत का प्रदर्शन कर रहा है।
दुनिया से छिपाकर अभ्यास करेगा रूस
रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रणनीतिक मिसाइल को संभालने वाले सैनिक इसे छिपाकर करेंगे और इस बात के प्रत्येक कदम उठाए जाएंगे जिससे उसकी अंतरिक्ष से निगरानी नहीं की जा सके। इसमें एयरोस्पेस फोर्स का भी इस्तेमाल किया जाएगा। यह मिसाइल 12000 किमी तक कई परमाणु बमों के साथ हमला कर सकती है जिससे रूसी परमाणु प्रतिरोधक क्षमता काफी बढ़ गई है। इसे ट्रक पर लेकर कहीं भी ले जाया जा सकता है या फिर उसे मिसाइल साइलो में रखा जा सकता है।