देश

भीगती दिल्ली की अब ठिठुरने की बारी, जल्दी आएगी ठंड

 नई दिल्ली

भारत के कई राज्यों में अब बारिश के बाद ही जल्दी ठंड की एंट्री भी हो सकती है। मौसम के मौजूदा हाल को लेकर जानकार यह अनुमान लगा रहे हैं। राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में शनिवार सुबह भारी बारिश दर्ज की गई। भारतीय मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में अगले 4-5 दिनों के दौरान भारी बारिश का अनुमान जताया है।

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई हिस्सों में अक्टूबर के महीने में हो रही बारिश से ठंड का आगमन जल्दी होगा। स्काईमेट के मौसम विज्ञानी महेश पालावत बताते हैं कि इस समय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तराखंड तक निम्न हवा के दबाव की एक रेखा बनी हुई है।  इसका समन्वय पश्चिमी विक्षोभ के साथ भी हो रहा है। इसके चलते पूर्वी भारत, मध्यम भारत, दिल्ली एनसीआर समेत देश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हो रही है। इस समय हो रही बारिश के चलते जहां फसल कटाई वाले राज्यों में किसानों को नुकसान हो सकता है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में ठंड का आगमन तेजी से होने की भी संभावना है।

कहां होगी बारिश
मौसम विभाग ने शुक्रवार को जानकारी दी है कि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में 11 अक्टूबर तक, हरियाणा में 8 और 9 अक्टूबर, पूर्वी राजस्थान में 9 अक्टूबर तक, पश्चिम मध्य प्रदेश में 10 अक्टूबर, पूर्वी मध्य प्रदेश में 11 अक्टूबर तक अलग-अलग स्थानों पर छिटपुट बारिश के साथ हल्की या मध्यम बारिश हो सकती है। गुजरात क्षेत्र में 10 अक्टूबर तक, मध्य महाराष्ट्र, तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में 9 अक्टूबर तक, मराठवाड़ा में 9 अक्टूबर, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और करईकल में 11 अक्टूबर तक, उत्तर आंतरिक कर्नाटक में 9 और 10 अक्टूबर को, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 9-11 अक्टूबर तक, केरल में 9 और 10 अक्टूबर को भारी बारिश के आसार हैं।

उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 8 और 9 अक्टूबर, ओडिशा में 9 और 10 अक्टूबर और बिहार में 11 अक्टूबर को हल्की या मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही पूर्वोत्तर राज्य अरुणचाल प्रदेश, असम और मेघालय में 11 अक्टूबर तक हल्की या मध्यम बारिश के आसार हैं। नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 10 और 11 अक्टूबर को बारिश हो सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button