देश

यूपी-बिहार में अभी होगी झमाझम बारिश, उत्तराखंड और हरियाणा में भी 10 अक्टूबर तक बरसेंगे बादल

 नई दिल्ली।

उत्तर भारत में मानसून तारीख निकल जाने के बावजूद सक्रिय है। मानसून के चार महीनों में उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड समेत कई राज्य सूखे की चपेट में रहे, क्योंकि उस दौरान बारिश बहुत कम हुई। लेकिन, जब मानसून की विदाई का वक्त शुरू हुआ तो यहां झमाझम पानी बरसने लगा। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर प्रदेश समेत पूर्व और मध्य भारत में मानसून अभी सक्रिय है। 10 अक्तूबर तक बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। मौसम विभाग के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्र ने ‘हिन्दुस्तान’ से कहा कि उत्तर प्रदेश में कई दिनों से हो रही बारिश मानसून की सक्रियता के चलते है। इसी प्रकार मध्य एवं पूर्व हिस्से में भी मानसून की गतिविधियां अभी जारी हैं। दरअसल, उत्तर प्रदेश से मानसून के विदा होने की तारीख 30 सितंबर है। पांच अक्तूबर तक यह समूचे उत्तर प्रदेश और 10 अक्तूबर तक बिहार एवं झारखंड से भी विदा हो जाता है। लेकिन, इस बार यह प्रक्रिया करीब एक हफ्ते विलंब से चल रही है।

बता दें कि मानसूम के छंटने की प्रक्रिया राजस्थान के इलाकों से 17 सितंबर से शुरू होती है। इस बार यह थोड़ा विलंब से 20 सितंबर से शुरू हुआ, लेकिन 20-28 सितंबर के बीच यह प्रक्रिया बेहद धीमी रही तथा कुछ ही इलाकों से मानसून ने विदाई ली। इसके बाद तीन अक्तूबर तक कुछ और स्थानों कच्छ, गांधीनगर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली तथा हिमाचल प्रदेश से मानसून ने विदा ली। लेकिन, समूचे उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में मानसून अभी भी सक्रिय है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button