पाकिस्तान के पंजाब में बस दुर्घटना में 6 लोगों की मौत व 50 घायल

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में रविवार को तेज रफ्तार बस पलट गई। हादसे में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और 50 अन्य घायल हो गए। बस एक धार्मिक सभा के लिए ईसाई तीर्थयात्रियों को ले जा रही थी। हादसा लाहौर से करीब 50 किलोमीटर दूर शेखूपुरा में हुआ।
अधिकारियों के मुताबिक, बस ईसाई तीर्थयात्रियों को मरियमाबाद में राष्ट्रीय मैरियन श्राइन में धार्मिक सभा के लिए ले जा रही थी। खानका डोगरान, शेखुपुरा में एक मोड़ पर बस पलट गई। पुलिस और बचाव अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
उन्होंने बताया कि छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। बस में क्षमता से ज्यादा 60 यात्री सवार थे। मोड़ लेते समय चालक ने तेज रफ्तार वाहन पर से नियंत्रण खो दिया।
पंजाब के कार्यवाहक मुख्यमंत्री मोहसिन नकवी ने दुर्घटना में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया और स्वास्थ्य अधिकारियों को घायलों को सर्वोत्तम उपचार प्रदान करने का निर्देश दिया। मरियमाबाद में राष्ट्रीय मैरियन श्राइन 1949 से मैरी के जन्मोत्सव के लिए वार्षिक तीर्थयात्रा का स्थल रहा है। मरियमाबाद को ‘मैरी शहर’ के नाम से भी जाना जाता है।
पाकिस्तान में सड़क दुर्घटनाएं आम हैं। अगस्त में पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में ईंधन टैंक ले जा रही एक पिक-अप वैन से टकराने के बाद एक यात्री बस में आग लगने से 18 लोगों की मौत हो गई थी और 16 अन्य घायल हो गए थे।