कर्नाटक चुनाव हारी भाजपा, अब राज्यसभा में भी दिखेगा साइड इफेक्ट!
नई दिल्ली: कर्नाटक में भाजपा ने पूरी ताकत लगा दी थी लेकिन कांग्रेस प्रचंड जीत हासिल करने में कामयाब रही। अब कर्नाटक में हार का असर भाजपा को राज्यसभा में भी देखने को मिलेगा। हालांकि पिछले साल कर्नाटक की 4 राज्यसभा की सीटों पर हुए चुनाव में बीजेपी को 3 सीटें हासिल हुईं थीं। कर्नाटक में राज्यसभा की 12 सीटें हैं। आगे जब ये सीटें खाली होंगी तो बीजेपी को संख्या बल पर नुकसान उठाना पड़ सकता है। मौजूदा समय में राज्यसभा में बीजेपी की 92 सीटें हैं, जबकि कांग्रेस की 31 सीटें ही हैं। तृणमूल कांग्रेस की 13 सीटें, आम आदमी पार्टी और डीएमके की 10-10 सीटें हैं। कर्नाटक से उच्च सदन के चार सदस्य अगले साल रिटायर होने वाले हैं, ऐसे में कांग्रेस को तीन सीटें फिर से मिल जाएंगी। तीन साल में पार्टी की पोजीशन भी राज्य की 12 सीटों में से 7 पर पहुंच जाएगी।
उच्च सदन की बात करें तो कर्नाटक में इस समय भाजपा के पास 6, कांग्रेस के पास 5 और जेडीएस के पास 1 सीट है। चुनाव में जेडीएस को तगड़ा झटका लगा है और अब 2026 में एचडी देवगौड़ा का कार्यकाल पूरा होने के बाद जेडीएस की उच्च सदन में पोजीशन शून्य हो जाएगी। अगले साल रिटायर होने वालों में भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर और तीन कांग्रेस के सांसद हैं। इस समय चार जम्मू-कश्मीर और दो नामित सीटें राज्यसभा की खाली हैं। इस समय कुल संख्या 239 है।