हिन्दी दिवस समारोह का आयोजन,अखिल भारतीय हिन्दी विधि प्रतिष्ठान जनपद बांदा के तत्वावधान में ।
अध्यक्षता डाॅ0 बब्बू सारंग जनपद न्यायाधीश ने की।

हिन्दी भाषा को और समृद्धशील बनाना, अधिक से अधिक लोंगो का उपयोगी माध्यम हिंदी हो :- बी डी गुप्ता (CJM,Banda)
हिन्दी भाषा में उत्कृष्ठ कार्य करने वाले लोंगो को सारस्वत प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया:- डाॅ0 बब्बू सारंग (अध्यक्ष/ जिला न्यायाधीश,बांदा)
किसी भी राष्ट्र का स्वाभिमान उसकी राष्ट्रभाषा में सुरक्षित रहता है। हिंदी वैश्विक विस्तार करती जा रही है,उसे राष्ट्रभाषा घोषित करना अपरिहार्य है:- डा0चन्द्रिका प्रसाद दीक्षित’ललित’
बांदा, 15 सितम्बर, 2023-जनपद न्यायाधीश डाॅ0 बब्बू सारंग की अध्यक्षता में अखिल भारतीय हिन्दी विधि प्रतिष्ठान जनपद बांदा के तत्वावधान में हिन्दी दिवस समारोह का जिला न्यायालय भवन में आयोजन गत दिवस देर शाम तक आयोजित किया गया। हिन्दी दिवस कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश डाo बब्बू सारंग संबोधित करते हुए कहा कि हिन्दी भाषा का अपना विशेष महत्व है एवं यह भाषा अधिकतम लोंगो द्वारा प्रयोग की जाती है। हिन्दी भाषा का विस्तार हो रहा है और न्यायालयों के कार्यों में भी हिन्दी भाषा को बढावा दिया जा रहा है। हिन्दी हमारी मातृ भाषा है,जो कि सरल एवं आसानी से लोंगो को समझ आने वाली भाषा है। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश ने हिन्दी भाषा में उत्कृष्ठ कार्य करने वाले लोंगो जिसमें अपर जिला न्यायाधीश निरंजन कुमार,अखिलेश प्रकाश,शमीम अहमद,मनोज कुमार द्वितीय को सारस्वत प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में प्रथम अपर जनपद न्यायाधीश मोहम्मद कमरूज्जमा खान ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य राजभाषा हिन्दी को अग्रणी भाषा के रूप में विकसित करने के साथ इसका यथोचित सम्मान मिलना चाहिए, इसलिए सभी के द्वारा अपने कार्यों में इस भाषा को अपनाया जाए। हिन्दी भाषा का विश्व पटल पर प्रभाव व उपयोग बढता जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि हिन्दी भाषा कई देशों में जानी व समझी जाती है। उन्होंने कहा कि हिन्दी भाषा को और आगे बढाने के लिए अधिक से अधिक कार्य हिन्दी में करें। मा0 उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुसार निर्णयों को हिन्दी में अनुवाद किया जा रहा है,इससे स्पष्ट है कि न्यायालय हिन्दी भाषा के उपयोग हेतु संवेदनशील हैं।
अपर जिला जज गुणेंद्र प्रकाश ने संपूर्ण विश्व में हिंदी की बढ़ती लोकप्रियता,14 सितंबर 1949 से अद्यतन हिंदी के भारत में उत्तरोत्तर विकास और उसे राजभाषा के रूप में प्रतिष्ठित कराए जाने के प्रयास बताएl
इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट भगवान दास गुप्ता ने हिन्दी दिवस के अवसर पर लोंगो को बधाई देते हुए कहा कि हिन्दी भाषा दुनिया के कई बडे विश्व विद्यालयों में पढाई जाती है। उन्होंने हिन्दी भाषा के शब्दकोष बढाये जाने पर एवं हिन्दी भाषा का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया। उन्होंने हिन्दी भाषा को और समृद्धशील बनाने के लिए इसका अधिक से अधिक लोंगो द्वारा उपयोग करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में सुश्री वरूणा वशिष्ठ सिविल जज जूनियर डिवीजन ने कहा कि हिन्दी भाषा सामाजिक एवं सांस्कृतिक विरासत को बढाने में सहायक है। उन्होंने कहा कि हिन्दी भाषा के महत्व को समझें और अधिक से अधिक लोग हिन्दी सीखें और अन्य लोंगो को भी हिन्दी भाषा का ज्ञान करायें।
जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष राजेश दुबे ने कहा कि हिंदी भाषा सरल,संस्कार युक्त व समृद्धशाली भाषा है l हिंदी हमारी मातृभाषा हैl हिंदी भाषा को राष्ट्रभाषा बनाए जाने हेतु अधिक से अधिक उपयोग करने के साथ इसके विस्तार करने की आवश्यकता हैl
इस अवसर पर डाॅ0 रामगोपाल गुप्ता,डा0 चन्द्रिका प्रसाद ललित,जवाहरलाल जलज, जगन्नाथ पाठक ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त करते हुए हिन्दी दिवस के अवसर पर हिन्दी भाषा की उपयोगिता एवं इसके महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए अपने विचार व्यक्त किये। इस अवसर पर जनपद न्यायालय के समस्त न्यायाधीशों सहित अधिवक्तागण सुशील कुमार तिवारी, बी0पी0पाण्डेय,प्रमोद कुमार द्विवेदी एवं साहित्यकार,कवि एवं अन्य अधिवक्ता उपस्थित रहेl कार्यक्रम का संचालन भारत विकास परिषद के महासचिव विद्यासागर द्विवेदी द्वारा किया गया तथा कार्यक्रम राष्ट्रगान के साथ समापन हुआ l