भारत जोड़ो यात्रा के बाद अब अरुणाचल प्रदेश से गुजरात तक यात्रा निकालेगी कांग्रेस, जयराम रमेश ने बताया पूरा प्लान

नवा रायपुर: कांग्रेस ने हाल ही में अपनी भारत जोड़ो यात्रा को समाप्त किया है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कन्याकुमारी से कश्मीर तक चलने वाली इस यात्रा की काफी चर्चा रही। अब कांग्रेस पार्टी अरुणाचल प्रदेश से गुजरात तक यात्रा निकालने पर विचार कर रही है। संभव है कि यह यात्रा अरुणाचल प्रदेश के पासीघाट से गुजरात के पोरबन्दर के बीच निकाली जाएगी। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने बातचीत में यह जानकारी दी है। इससे पहले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी के महाधिवेशन में दिए गए अपने संबोधन के दौरान यात्रा के बारे में संकेत दिए थे।
रमेश ने कहा कि इस यात्रा में भाग लेने वाले यात्रियों की संख्या भारत जोड़ो यात्रा के मुकाबले कम हो सकती है। भारत जोड़ो यात्रा पिछले साल सात सितंबर से आरंभ हुई थी और करीब 4000 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए 30 जनवरी को श्रीनगर में पूरी हुई थी। इसमें राहुल गांधी समेत करीब 200 भारत यात्री शामिल हुए थे।