देश

सांप-चूहे के बाद अब प्लेन में निकला बिच्छू, महिला को काटा तो एयरपोर्ट को भेजा गया अलर्ट

नई दिल्ली: प्लेन में सांप, खटमल, चूहे यहां तक कि पक्षी भी देखे गए हैं लेकिन शायद यह पहली बार है जब एक यात्री को बिच्छू ने काट लिया। मामला अपने देश का ही है। नागपुर-मुंबई फ्लाइट में जब प्लेन रास्ते में था, एक महिला को बिच्छू ने काट लिया। प्लेन के एयरपोर्ट पहुंचने के बाद फौरन महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत ठीक बताई गई। कुछ देर बाद उन्हें घर जाने दिया गया और वह खतरे से बाहर हैं। घटना 23 अप्रैल 2023 की है। एयर इंडिया की नागपुर-मुंबई फ्लाइट (AI 630) आसमान में थी, जब मुंबई एयरपोर्ट को सूचना भेजी गई कि एक डॉक्टर के साथ तैयार रहिए।

यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी, जो दुर्लभ भी थी। हमारी एआई 630 फ्लाइट में एक यात्री को बिच्छू ने काट लिया। प्लेन लैंड करने के बाद महिला यात्री को फौरन इलाज दिया गया। हमारे अधिकारी महिला के साथ अस्पताल गए और डिस्चार्ज तक सभी तरह की मदद दी। एयर इंडिया की इंजीनियरिंग टीम ने प्लेन की व्यापक जांच की है।
सूत्रों ने हमारे सहयोगी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि मैसेज में कहा गया था कि एक महिला यात्री को फौरन इलाज की जरूरत पड़ सकती है। ऐसे में महिला के प्लेन से बाहर निकलते ही मेडिकल टीम ने उनकी जांच शुरू कर दी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया और कुछ देर बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। AI प्रवक्ता ने बताया है कि घटना के बाद हमारी टीम ने प्रोटोकॉल का पालन किया और एयरक्राफ्ट की गहराई से जांच की। एयर इंडिया ने बताया है कि कीड़ों को मारने वाली जब गैस छोड़ी गई तब बिच्छू पकड़ में आया। AI ने यात्री को हुई परेशानी के लिए खेद जताया है।

इससे पहले एक छोटी जीवित चिड़िया गल्फ-इंडिया फ्लाइट के कॉकपिट में पिछले साल जुलाई में दिखाई दी थी। पिछले दिसंबर में एक भारतीय कैरियर के फ्लाइट कार्गो में सांप मिला था। प्लेन कालीकट से दुबई के रास्ते पर था। चूहे तो कई बार प्लेन में देखे गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button