BJP बढ़ा रही सांस्कृतिक वैभव, अनुराग ठाकुर बोले- घमंडिया गठबंधन हिंदुत्व को कर रही अपमानित

भोपाल। कांग्रेस ने मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य बना दिया था। भाजपा ने इसे बीमारू राज्य से निकालकर आज देश के उभरते हुए अग्रणी राज्य में लाकर खड़ा कर दिया है। विकास कार्यों और नेतृत्व के दम पर फिर सत्ता में आने के बाद भाजपा प्रदेश के विकास का यह क्रम जारी रखेगी।
मध्य प्रदेश में फिर एक बार कमल का फूल खिलेगा और फिर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी। एक तरफ जहां घमंडिया गठबंधन के लोग हिंदुत्व को अपमानित कर रहे हैं, वहीं, भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारें देश के सांस्कृतिक वैभव को बढ़ाने का काम कर रही हैं।
यह बात केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं खेल व युवा कार्यक्रम मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने मध्य प्रदेश के एक दिवसीय दौरे पर रीवा, कटनी, जबलपुर व भोपाल में आयोजित कार्यक्रमों में कही। उन्होंने रीवा व कटनी में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित किया।
प्रधानमंत्री के पंच प्रण को जीवन में उतारने का आव्हान
वहीं, जबलपुर में रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में युवाओं से संवाद कर मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम में बढ़-चढ़ कर भागीदारी करने व प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के पंच प्रण को जीवन में उतारने का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की श्रद्धा व प्रयासों से उज्जैन में महाकाल महालोक और ओंकारेश्वर में आदि शंकराचार्य की भव्य प्रतिमा के निर्माण जैसे अनेकों कार्य हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री प्रदेश के अन्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व के स्थलों के विकास के लिए काम कर रहे हैं। सांस्कृतिक व धार्मिक विकास की इस यात्रा को अनवरत चलाए रखने के लिए मध्य प्रदेश में फिर एक बार भाजपा सरकार बनाएं। पहले मध्य प्रदेश के छात्रों को मेडिकल की पढ़ाई के लिए दूसरे राज्यों में जाना पड़ता था, लेकिन डबल इंजन की सरकार ने 26 नये मेडिकल कॉलेज, आईआईएम, आईआईटी, नेशनल ला कॉलेज, सेंट्रल यूनिवर्सिटी खोलने का काम किया है। आप चाहते है कि मध्य प्रदेश में जो विकास कार्य हो रहे हैं वे भविष्य में भी होते रहें तो कमल का बटन दबाएं-भाजपा की सरकार बनाएं।
अरविंद केजरीवाल का भ्रष्ट चेहरा हुआ उजागर
उन्होंने कहा कि अगर देश को लूटने वालों के विरुद्ध कार्रवाई होती है और जिनको यह ईमानदारी का प्रमाण पत्र दे रहे थे, वह आप सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन से लेकर मनीष सिसोदिया कई महीनों से जेल में हैं। इनके पंजाब सरकार के स्वास्थ्य मंत्री से लेकर दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री को भ्रष्टाचार के चलते त्यागपत्र देने पड़े। सत्येंद्र जैन जेल से विभाग चला रहे हैं।
आम आदमी पार्टी की सरकार के भ्रष्टाचार से अरविंद केजरीवाल का भ्रष्ट चेहरा उजागर हुआ है। आप पार्टी के नेता संजय सिंह की गिरफ्तारी पर कहा कि जिस पार्टी के उप मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री से लेकर सांसद तक जेल में हैं, जो कभी भ्रष्टाचार मिटाने का नारा देते थे, धरने पर बैठते थे वे आज भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए धरने पर बैठ रहे हैं। यही बदलाव है, जो अब स्पष्ट दिखाई दे रहा है।