देश

दिल्ली, यूपी, बिहार… क्यों बदल रहा मौसम का मिजाज, जानिए क्या कह रहा IMD

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में इन दिनों गर्मी पड़ रही है। दिल्ली में दो दिनों से बारिश की वजह से थोड़ी राहत है, लेकिन आज सुबह से ही तेज धूप देखने को मिल रही है। यही हाल देश के ज्यादातर राज्यों का है। गर्मी का सितम देखते हुए लोग जल्द मॉनसून आने की कामना कर रहे हैं। देश में मॉनसून कब तक एंट्री लेगा इसे लेकर मौसम विभाग ने भी जानकारी दी है। मौसम विभाग के मुताबिक, मॉनसून जून महीने में दस्तक दे सकता है। इस बीच कई राज्यों में मौसम में बदलाव भी हुआ है। आज यूपी, उत्तराखंड के कई जिलों में बारिश के साथ ही आंधी के आसार है। देशभर में मॉनसून और मौसम को लेकर बड़ी बातें जानिए।

दिल्ली में गर्मी से राहत, 22 मई से फिर होगी बारिश

राजधानी दिल्ली में दो दिनों से गर्मी से राहत मिली है। बुधवार देर रात शहर के कई इलाकों में तेज बारिश हुई। इसके बाद से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं। हालांकि आज राजधानी में धूप खिली है। मौसम विभाग का कहना है कि आज से दिल्ली में फिर से गर्मी बढ़ना शुरू होगी। लेकिन 22 मई से एक बार फिर मौसम बदलेगा। IMD के अनुसार 23 और 24 मई को दिल्ली में बूंदाबांदी होने के आसार हैं।

यूपी के कई जिलों में बारिश और आंधी के आसार

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम बदल सकता है। कई जगहों पर आंधी और बारिश के आसार हैं। कई दिनों से पड़ रही गर्मी से भी राहत मिलने की उम्मीद की जा रही है। पश्चिमी यूपी में तेज आंधी के साथ बारिश की संभावना है। लखनऊ में बदली छाई रह सकती है। साथ ही तेज हवाएं चलेंगी। वहीं, यूपी के कुछ जिलों में बारिश हो सकती है। तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। इस बीच मौसम विभाग ने 20 और 21 मई को राज्य के आंचलिक इलाकों में ग्रीष्म लहर चलने की चेतावनी जारी की है।

उत्तराखंड में बारिश की संभावना

देवभूमि उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदलता हुआ नजर आ रहा है। बीच में चारधाम यात्रा के लिए जा रहे तीर्थयात्रियों को भी खराब मौसम के चलते रोका गया था। मई के महीने में उत्तराखंड में कई जगहों पर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने बारिश को लेकर अलर्ट भी जारी किया है। मौसम विभाग ने कहा है कि आज से 22 मई तक उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा राज्य के अन्य क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा

बिहार में गिर गया तापमान, गर्मी से राहत

बिहार में भी मौसम बदल गया है। राज्य के कई जिलों में तापमान में 1 से 3 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। जिन जिलों में तापमान कम हुआ है उनमें पटना, गया, नालंदा, मुजफ्फरपुर समेत कई जिले शामिल हैं। मौसम विभाग का कहना है कि आज भी बिहार में लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, राज्य में कई जगहों पर बारिश हुई, जिसमें मौसम कुछ ठंडा हुआ। यही वजह रही कि तापमान में गिरावट देखने को मिल रहा। राज्य के 7 जिलों में 16 जगहों पर झमाझम बारिश की सूचना है।

यूपी के बलिया में हजारों गोल्डन फिश की मौत

यूपी के बलिया जिले के बांसडीह तहसील अंतर्गत छितौनी गांव स्थित तालाब में हजारों गोल्डेन फिश और ग्रीन ग्रॉस कटर मछलियों के मौत की खबर सामने आई है। बताया जाता है कि उक्त तालाब श्रीछितेश्वरनाथ मंदिर के पास स्थित है।यहां सैकड़ों लोग रोजाना बाहर से मछलियों देखने आते है ।लेकिन मछलियों की मौत से लोग हैरान हैं। हालांकि डीएम रवीन्द्र कुमार ने बताया कि सूचना मिली है। ये प्रसिद्ध स्थल है जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। आज साढ़े ग्यारह बजे खुद पहुंचेंगे जायजा लेने। ऐसे में श्रीछितेश्वरनाथ स्वच्छता समिति के लोग पूरा दिन तालाब की सफाई में लगे रहे। समिति ने अपील किया है कि किसी प्रकार के अफवाह में न आएं। जिला प्रशासन के निर्देशानुसार समिति लगी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button