उत्तराखण्डराज्य

हरकी पैड़ी पहुंचीं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, पति संग लगाई गंगा में आस्था की डुबकी

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता अपने कार्यकाल के 100 दिन पूरे करने के बाद आज से अपने परिवार के साथ दो दिवसीय यात्रा पर उत्तराखंड पहुंच गई हैं। उन्होंने यहां आकर सबसे पहले हरिद्वार में हरकी पैड़ी स्थित ब्रह्मकुंड में पति और बेटे के साथ गंगा स्नान और पूजा-अर्चना की। इसके बाद वह कनखल के वात्सल्य गंगा आश्रय के लोकार्पण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी और उसके बाद वह साधु-संतों से मुलाकात करेंगी। उत्तरखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।

गंगा स्नान के बाद सीएम रेखा गुप्ता ने हर की पैड़ी पर मीडिया से बात करते हुए कहा, “मां गंगा से आशीर्वाद लेकर हम मां यमुना को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए काम करेंगे। हम दिल्ली के विकास को गति देने के लिए काम करेंगे। मां का आशीर्वाद लेकर मुझे बहुत संतुष्टि हो रही है कि दिल्ली की मुख्यमंत्री के तौर पर मैं दिल्ली के लिए और बेहतर काम कर सकूं और विकसित दिल्ली पूरे देश और विश्व में अपना परचम लहरा सके।”

कल केदारनाथ जा सकती हैं रेखा गुप्ता

भाषा के अनुसार, परिवार के साथ उत्तराखंड आईं रेखा गुप्ता रविवार को हरिद्वार में रहेंगी जहां वह हर की पौड़ी पर गंगा में स्नान करेंगी। वह हरिद्वार में एक धर्मशाला का उद्घाटन करेंगी और शाम को ऋषिकेश में गंगा आरती में भी हिस्सा लेंगी। सूत्रों ने बताया कि सोमवार को उनके केदारनाथ जाने की संभावना है।

दिल्ली में गुप्ता के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार ने शुक्रवार को सत्ता में 100 दिन पूरे कर लिए हैं। इस वर्ष फरवरी में हुए दिल्ली विधानसभा चुनावों में भाजपा ने जीत हासिल कर 27 वर्ष बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी की थी। रेखा गुप्ता ने 20 फरवरी को रामलीला मैदान में आयोजित समारोह में अपने कैबिनेट मंत्रियों के साथ दिल्ली की मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button