आयरन ब्रदर चीन, तुर्की या अमेरिका किसे चुने कंगाल पाकिस्तान, बुरे फंसे बिलावल, भड़क सकते हैं जिनपिंग

इस्लामाबाद: वैश्विक राजनीति में दो नावों पर पांव रखने वाला पाकिस्तान अब बुरा फंस सकता है। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन लोकतंत्र शिखर सम्मेलन आयोजित करने जा रहे हैं। यह पाकिस्तान के लिए बड़ी परीक्षा साबित होने जा रहा है। अमेरिका ने मंगलवार को इस वर्चुअल सम्मेलन का आयोजन किया है जिसमें पाकिस्तान और ताइवान को आमंत्रित किया गया है लेकिन चीन को न्योता नहीं दिया गया है। बाइडन ने पिछले साल भी इस सम्मेलन का आयोजन किया था लेकिन इमरान खान के नेतृत्व में पाकिस्तान ने चीन के इशारे पर इस सम्मेलन में हिस्सा नहीं लिया था। अब जब चीन और अमेरिका के बीच तनाव चरम पर है, ऐसे अगर पाकिस्तान लोकतंत्र सम्मेलन में हिस्सा लेता है तो ड्रैगन भड़क सकता है।
‘अमेरिका से कर्ज के लिए गुहार लगा रहा पाकिस्तान’
पाकिस्तानी अखबार डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक इस सम्मेलन पर पाकिस्तान के आयरन ब्रदर चीन की करीबी नजर रहेगी। अमेरिका ने शिखर सम्मेलन में ताइवान को बुलाया है जिससे चीन भड़का हुआ है। चीन चाहता है कि पाकिस्तान इस ‘विवादित’ शिखर सम्मेलन में हिस्सा नहीं ले लेकिन अगर पीएम शहबाज और विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ऐसा करते हैं तो इससे अमेरिका भड़क सकता है। वह भी तब जब पाकिस्तान आईएमएफ से लोन के लिए अमेरिका से गुहार लगा रहा है।




