ब्रिटेन को समुद्र में डुबो सकता है रूस का सुपर न्यूक्लियर टॉरपीडो, पोसाइडन के साथ तैयार है बेलगोरोड सबमरीन

मॉस्को : रूस के पोसाइडन परमाणु टॉरपीडो की पहली खेप तैयार हो चुकी है और इसे रूस की बेलगोरोड सबमरीन पर लगाया जाएगा। इस हथियार को लेकर रूस दावा करता है कि यह ‘ब्रिटेन को समुद्र की गहराई में डुबो सकता है’। इसे ‘समुद्र का सबसे विनाशक हथियार’ कहा जाता है जो पश्चिमी वॉर-प्लैनर्स को चिंता में डाल सकता है। कहा जाता है कि यह सुनामी जैसी लहरें पैदा कर सकता है और तटीय शहरों में रेडिएशन फैला सकता है। रूस के इस हथियार का बाहर आना न सिर्फ यूक्रेन बल्कि पश्चिम के लिए भी खतरे की घंटी है।
पानी में 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार
रूस का ‘सुपर-टॉरपीडो’ 21 मीटर लंबा और दो मीटर चौड़ा है। माना जाता है कि यह पानी के नीचे करीब 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंच सकता है। मॉस्को इसे ‘Unstoppable’ करार देता है। मिरर की खबर के अनुसार, एक रूसी सूत्र ने कहा कि पोसाइडन की पहले खेप तैयार हो चुकी है और आने वाले समय में यह बेलगोरोड सबमरीन को मिल जाएगी। 184 मीटर लंबी बेलगोरोड रूस की सबसे बड़ी पनडुब्बी है।
‘ब्रिटेन को समुद्र में डुबोने में सक्षम’
रूस ने बेलगोरोड को कई गुप्त परमाणु टॉरपीडो को दागने के लिए डिजाइन किया है। इस विशाल पनडुब्बी पर टेस्ट को कोरोना वायरस महामारी और कई अन्य तकनीकी बाधाओं के कारण रोक दिया गया था लेकिन अब यह अपने पहले मिशन के लिए तैयार है। माना जाता है कि यह एक बार में कम से कम छह ‘सुपर-टॉरपीडो’ ले जाने में सक्षम है। पुतिन समर्थक एक टीवी होस्ट का दावा है कि यह हथियार ‘ब्रिटेन को समुद्र की गहराई में डुबो’ सकता है।