आतंकी धमकी के बाद असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा की सुरक्षा बढ़ाई गई, खालिस्तानी पन्नू पर UAPA का केस दर्ज

नई दिल्ली : दिल्ली और असम में असमिया पत्रकारों को मिले एक ऑडियो संदेश के बाद असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। ऑडियो संदेश में खुद को प्रतिबंधित ‘सिख फॉर जस्टिस’ का सदस्य बताने वाले गुरपतवंत सिंह पन्नू नाम के आतंकी ने शर्मा को धमकी दी थी।
इस मामले से जुड़े अधिकारियों ने दावा किया कि संदेश में आवाज पन्नू की थी, जिसे केंद्रीय गृह मंत्रालय की तरफ से सख्त आतंकवाद विरोधी कानून- गैरकानूनी गतिविधियां (निवारण) अधिनियम यानी UAPA के तहत आतंकवादी घोषित किया जा चुका है। वह इस समय अमेरिका में हैं। ऑडियो संदेश भेजने वाले ने दावा किया था कि असम की जेल में सिखों को ‘यातना’ दी जा रही है और शर्मा को इससे दूर रहने के लिए कहा।
खालिस्तान समर्थक कट्टरपंथी उपदेशक अमृतपाल सिंह के खिलाफ 18 मार्च की कार्रवाई के बाद, पंजाब सरकार ने उसके 7 करीबी सहयोगियों को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत गिरफ्तार कर असम की डिब्रूगढ़ जेल में ट्रांसफर कर दिया था।
डीजीपी ने ट्वीट किया, ‘भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) और गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) की संबंधित धाराओं के तहत एसटीएफ पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।’ उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था को भी उभरते खतरों के मद्देनजर सतर्क किया गया है। सिंह ने कहा, ‘असम पुलिस द्वारा इस खतरे को काफी गंभीरता से लिया गया है। केंद्रीय एजेंसियों को इस मुद्दे पर अवगत कराया गया है।’