उत्तर प्रदेशक्राइमराज्य

सबसे बड़ा गुंडा कौन? सवाल पर हो गई दो दोस्तों की बहस… एक ने दूसरे को मार डाला

यूपी के बरेली में मुठभेड़ के दौरान चार दोस्तों को गिरफ्तार कर कैंट पुलिस और एसओजी ने मिल्क पार्लर संचालक की हत्या का 24 घंटे में खुलासा कर दिया। इनमें से दो के पैर में गोली भी लगी है। आरोपियों ने खुद को बड़ा बदमाश साबित करने की होड़ में उसकी हत्या की थी। पुलिस ने चारों को जेल भेज दिया है। एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया बारादरी के मोहल्ला अशोकनगर निवासी संकित चौहान (25) की शुक्रवार रात कैंट में मोहनपुर पंचायत घर के पास सीने में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना का खुलासा करने के लिए एसओजी, सर्विलांस और कैंट पुलिस की पांच टीमें लगाई गई थीं।

शनिवार को पुलिस ने केसरपुर निवासी अमन उर्फ रितिक, चनेहटा निवासी जावेद, डिफेंस कॉलोनी नकटिया निवासी आशीष उर्फ सोमू और फरीदपुर के गांव सरकड़ा निवासी अंशू को कैंट में कठपुला पुल के पास मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर इस घटना का खुलासा कर दिया। मुठभेड़ में अमन उर्फ रितिक और जावेद के पैर में गोली लगी है। आरोपियों के कब्जे से दो तमंचा-कारतूस और दो बाइक बरामद हुई हैं।

अमन उर्फ रितिक ने मारी थी संकित को गोली

पुलिस के मुताबिक जावेद के खिलाफ गैंगस्टर समेत छह, अमन उर्फ रितिक पर हत्या, लूट व गैंगस्टर समेत दस और आशीष व अंशु पर दो-दो मुकदमे दर्ज हैं। अमन और जावेद कई बार जेल भी जा चुके हैं। वारदात की रात जावेद, अमन व आशीष शराब पीकर संकित के पराग पार्लर पर पहुंचे, जहां अंशू भी मौजूद था। बातों-बातों में ही उनमें बहस शुरू हो गई कि सबसे बड़ा बदमाश कौन है। संकित और अमन जिद्दी स्वभाव हैं इसलिए उनमें ज्यादा बहस हुई। इशारों में बातचीत कर चारों ने संकित को ठिकाने लगाने का मन बना लिया। इसके बाद चारों संकित को लेकर मोहनपुर रोड पर पहुंचे। अमन अपने घर से दारू लेने के बहाने गया और तमंचा लेकर लौटा। बाकी तीनों संकित को बातों में फंसाए रहे। इसी बीच अमन वापस आया और आते ही खुद को सबसे बड़ा बदमाश बताकर संकित के सीने में गोली मार दी और फिर चारों वहां से भाग निकले।

दस किलोमीटर के सीसीटीवी से हुआ खुलासा

सीओ आशुतोष शिवम ने बताया कि वारदात के खुलासे के लिए पुलिस ने संकित के पराग मिल्क पार्लर से लेकर घटनास्थल तक करीब दस किलोमीटर के सीसीटीवी कैमरे देखे। इनमें आरोपी जाते हुए सीसीटीवी में कैद हुए। पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की और इसी बीच शनिवार तड़के कठपुला के पास मुठभेड़ में उन्हें दबोच लिया गया। पुलिस ने बताया कि दो महीने पहले ही अमन ने एक डांस टीचर से शादी की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button