उत्तर प्रदेश

डॉक्टर पूछ रहे थे क्या हुआ? इतने में टेबल पर पटक दिया सांप, मरीज के साथ झोला लेकर अस्पताल पहुंचा युवक

मैनपुरी। औंछा क्षेत्र के गांव ईकरी में एक महिला को सांप ने डस लिया। परिजनों ने सांप को मार दिया और पोटली में बंद करके उसे महिला के साथ अस्पताल लेकर पहुंच गए। अस्पताल में सांप को देखते ही डॉक्टर और कर्मचारियों में खलबली मच गई।

यह है पूरा मामला

गांव ईकरी निवासी रामपाल सिंह चौहान की पत्नी मोनू देवी रविवार सुबह घर के बाहर रखे पुआल को हटा रही थी। तभी उन्हें जहरीले सांप ने डस लिया। शोर मचाने पर आए परिजनों ने सांप को मारकर एक थैली में बंद कर लिया।

परिजन मोनू देवी और मरे हुए सांप को लेकर जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड पहुंच गए। घटना की जानकारी देते समय परिजनों ने सांप को निकालकर डॉक्टर और स्टाफ के सामने टेबल पर रख दिया। इससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

डॉक्टर ने ये कहा…

ईएमओ डॉ. अर्जुन सिंह ने बताया कि परिजनों को सांप को बाहर ले जाकर कहीं गड्ढा खोदकर दफनाने को कह दिया था, जिसके बाद वे सांप को अस्पताल से ले गए।

सांप के डसने से महिला की मौत

दूसरी घटना में घिरोर थाना क्षेत्र के गांव बड़ाहार निवासी प्रेम सिंह की 24 वर्षीय पत्नी शिवानी देवी शनिवार रात बच्चों के साथ घर में सो रही थीं। रात में किसी समय सांप ने उन्हें डस लिया। परिजन उन्हें निजी डॉक्टर के यहां ले गए।

हालत गंभीर होने पर उन्हें रेफर कर दिया गया। जब परिजन उन्हें फिरोजाबाद के ट्रामा सेंटर ले जा रहे थे। तभी रास्ते में उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने मृत्यु का कारण जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button