खेल

इस राज्य को मिलने जा रही है अपनी पहली वंदे भारत एक्सप्रेस, यहां जानिए रूट और टाइमिंग

नई दिल्ली: केरल को पहली और देश को 15वीं वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन (Vande Bharat Express Train) मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) 25 अप्रैल को इस ट्रेन को हरी झंडी दिखा सकते हैं। देश में अब तक 14 वंदे भारत एक्सप्रेस चलाई जा चुकी हैं और केरल को लंबे समय से इसका इंतजार था। यह ट्रेन तिरुवनंतपुरम से कन्नूर के बीच चलाई जाएगी। सोमवार को इसका ट्रायल भी शुरू हो चुका है। रेल अधिकारियों का कहना है कि ट्रायल रन के बाद ही इसके शेड्यूल की घोषणा की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक यह ट्रेन 510 किमी की यात्रा सात घंटे में पूरी करेगी। केरल में ट्रैक की स्थिति को देखते हुए इसकी रफ्तार 110 किमी प्रति घंटे रहेगी। वैसे यह ट्रेन 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है। सूत्रों के मुताबिक इस ट्रेन का स्टॉपेज कोलम, कोट्टयम, एर्नाकुलम टाउन, त्रिशूर, तिरूर और कोझिकोड में होगा।


देश में अभी 14 वंदे भारत एक्सप्रेस चल रही हैं। पहले वंदे भारत एक्सप्रेस 15 फरवरी, 2019 को दिल्ली-वाराणसी रूट पर चलाई गई थी। ऐसी दूसरी ट्रेन दिल्ली से कटरा के बीच शुरू की गई थी। नए जमाने की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई से अहमदाबाद के बीच हरी झंडी दिखाई थी। अभी सबसे ज्यादा पांच वंदे भारत एक्सप्रेस दिल्ली से चलाई जा रही हैं। मुंबई से तीन वंदे भारत एक्सप्रेस चल रही हैं। हैदराबाद से दो वंदे भारत एक्सप्रेस चलाई जा रही हैं। आखिरकार केरल को भी पहले वंदे भारत एक्सप्रेस मिलने जा रही है।

इन राज्यों को नहीं मिली वंदे भारत

हालांकि अब भी देश के कई राज्यों को पहली वंदे भारत एक्सप्रेस का इंतजार है। इनमें बिहार, झारखंड, पंजाब, नॉर्थ-ईस्ट, ओडिशा और उत्तराखंड शामिल हैं। मध्य प्रदेश और राजस्थान को हाल में अपनी पहली वंदे भारत एक्सप्रेस मिल चुकी है। रेलवे की योजना आजादी के अमृत महोत्सव के मौके पर 75 वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की है। अभी इस ट्रेन को शताब्दी के रूट पर चलाया जा रहा है। लेकिन आगे इसे राजधानी के रूट पर चलाने की योजना है। इसके लिए वंदे भारत में स्लीपर कोच बनाए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button