सूडान में बढ़ रही सेना और पैरामिलिट्री की जंग, पाकिस्तानी दूतावास पर हमला, बताया वियना कन्वेंशन का उल्लंघन

अब तक 270 लोगों की मौत
सूडान में हिंसा और झड़प के चलते हजारों लोग खार्तूम से भाग गए हैं। दोनों पक्ष मंगलवार शाम को 24 घंटे के सीजफायर के लिए सहमत हुए लेकिन इसका पालन नहीं किया। संयुक्त राष्ट्र के एक अधिकारी की मानें तो हिंसा में अब तक 270 लोगों की मौत हो चुकी है। आने वाले समय में यह आंकड़ा बढ़ भी सकता है क्योंकि बड़ी संख्या में शव सड़कों पर पड़े हैं और कई क्षेत्रों तक पहुंचना संभव नहीं हो पा रहा है।
विदेशी राजनयिकों पर हमले
सूडान से विदेशी राजनयिकों पर हमले की भी खबरें आ रही हैं। इससे पहले यूरोपीय संघ के राजदूत के आवास पर हमला हुआ और अमेरिकी दूतावास के काफिले को भी निशाना बनाया गया। सुरक्षाबल आम नागरिकों को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र के अधिकारी मार्टिन ग्रिफिथ्स ने कहा कि यूएन को ‘सहायता कर्मियों के खिलाफ हमलों और यौन हिंसा की रिपोर्ट’ मिली है। सरकारें अपने नागरिकों को बाहर निकालने की योजना बनाने में लगी हैं, जिनमें संयुक्त राष्ट्र के कई कर्मचारी भी शामिल हैं।