मुख्य समाचारराजनीति

खरगे के लाल किले न पहुंचने पर अनुराग ठाकुर क्या बोले?

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे के लाल किले पर आयोजित 77वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में गैरमौजूदगी को लेकर भाजपा ने सवाल उठाए हैं।

BJP ने की कांग्रेस की आलोचना

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने मल्लिकार्जुन खरगे के 77वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल नहीं होने पर कांग्रेस की आलोचना की और कहा कि यह कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है। कांग्रेस पर हमला बोलते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि जब वे सत्ता में थे तो उन्हें संवैधानिक संस्थाओं पर हमला करने की आदत थी।

कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है- अनुराग

अनुराग ठाकुर ने कहा, ‘खरगे का लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग नहीं लेना कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि देश के लोगों को राक्षस कह कर, कांग्रेस ने दिखाया कि वह लोकतंत्र में लोगों को किस प्रकार देखती है। जब हमारे देश की मुख्य विपक्षी पार्टी के नेता, जो राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष भी हैं, वे 77वें स्वतंत्रता दिवस पर नहीं आते हैं तो आप कल्पना कर सकते हैं कि कांग्रेस की मानसिकता क्या है।

एक मछली की तरह सत्ता के लिए तड़प रहे- अनुराग

अनुराग ठाकुर ने कहा, ‘जब वे सत्ता में थे, तो उनके विचार भिन्न थे। आज, जब वे विपक्ष में बैठे हैं तो सत्ता के लिए उसी तरह तड़प रहे हैं, जैसे पानी से बाहर होने पर मछली तड़पती है।

खरगे ने समय की कमी का दिया था हवाला

बता दें कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल नहीं होने के लिए खरगे ने समय की कमी और यातायात प्रतिबंधों का हवाला दिया था। खरगे ने पहले अपने आवास पर और बाद में कांग्रेस मुख्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया था। उन्होंने कहा था कि अगर मैं वहां जाता तो कांग्रेस मुख्यालय के कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाता। हालांकि, भाजपा ने कहा कि कांग्रेस अपने कार्यक्रम के समय में फेरबदल कर सकती थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button