जेलेंस्की ने दी पहली इफ्तार पार्टी, शामिल हुए मुस्लिम नेता और राजदूत, क्रीमिया पर दोबारा कब्जे की खाई कसम!

कीव : यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने शुक्रवार को क्रेमलिन के कब्जे वाले क्रीमिया में मुस्लिम अल्पसंख्यक तातार समुदाय के साथ रूस के बर्ताव की आलोचना की। पहले आधिकारिक इफ्तार के दौरान उन्होंने रूस से क्रीमिया प्रायद्वीप को वापस छीनने की कसम खाई। रूस ने 2014 में यूक्रेन से काला सागर क्षेत्र का नियंत्रण छीन लिया था और विलय पर एक जनमत संग्रह कराया था। यूक्रेन और उसके पश्चिमी सहयोगियों ने गैर-कानूनी और धोखाधड़ी करार देते हुए इसकी निंदा की थी।
‘हम क्रीमिया में लौटेंगे’
रूस ने तातार को चरमपंथी संगठन घोषित किया और सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए समुदाय के कई सदस्यों को जेल में डाल दिया। जेलेंस्की ने कई मुस्लिम सैनिकों को पुरस्कार देने से पहले कहा, ‘यूक्रेन या दुनिया के पास क्रीमिया पर दोबारा कब्जे के अलावा कोई विकल्प नहीं है। हम क्रीमिया में लौटेंगे।’ जेलेंस्की ने कीव की एक मस्जिद में घोषणा करते हुए कहा कि यूक्रेन एक आधिकारिक इफ्तार की मेजबानी की एक नई परंपरा शुरू कर रहा है।
युद्ध में मध्यस्थ बने मुस्लिम देश
उन्होंने कहा, ‘यूक्रेन हमारे देश के मुस्लिमों और दुनिया के मुस्लिम समुदाय के उन सभी लोगों का आभारी है जो हमारी तरह शांति और बुराई से सुरक्षा चाहते हैं।’ तुर्की और सऊदी अरब सहित कई मुस्लिम देशों ने खुद को यूक्रेन युद्ध में मध्यस्थ के रूप में पेश किया है। रूस के दक्षिणी क्षेत्रों में बड़ी संख्या में मुस्लिम अल्पसंख्यक हैं। इनमें चेचन्या और दागेस्तान शामिल हैं जिनमें से कई यूक्रेन में मॉस्को के लिए लड़ रहे हैं।