यूक्रेन युद्ध और चीन का खतरा, दुनिया में अब तक के सर्वोच्च शिखर पर सैन्य खर्च, भारत कहां खड़ा?

कीव: दुनिया में साल 2022 में सैन्य खर्च अपने सर्वोच्च शिखर पर पहुंच गया है। स्टॉकहोम की संस्था सिप्री की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक रूस के यूक्रेन पर हमले ने पूरे यूरोप में सेना पर खर्च को बहुत ज्यादा बढ़ा दिया है। सिप्री ने बताया कि साल 2022 में दुनिया में 2.24 ट्रिलियन डॉलर सेना पर खर्च किया गया जो अब तक का रेकॉर्ड है। रिपोर्ट में कहा गया है कि यह लगातार आठवां साल है जब पूरी दुनिया में सैन्य खर्च बढ़ा है। यूरोप में तो यह 13 प्रतिशत तक बढ़ गया जो कम से कम 30 साल में सबसे ज्यादा तेजी है। वहीं चीन के साथ तनाव के बीच भारत ने भी अभी अपने सैन्य खर्च में साल 2022 में 6 प्रतिशत तक बढ़ा दिया है।
फिनलैंड ने सैन्य खर्च को 36 फीसदी तक बढ़ाया
रूस ने साल 2014 में यूक्रेन के क्रीमिया पर कब्जा कर लिया था और फरवरी 2022 में यूक्रेन पर हमला बोल दिया था। यह युद्ध अभी भी जारी है। रूस के इस कदम से उसके पड़ोसी देश या सोवियत संघ का हिस्सा रह चुके देश टेंशन में आ गए हैं। फिनलैंड ने तो अपने सैन्य खर्च को 36 फीसदी तक बढ़ा दिया है। वहीं लिथुआनिया ने अपने सैन्य खर्च को 27 प्रतिशत बढ़ाया है। इस साल अप्रैल महीने में ही फिनलैंड नाटो का 31वां सदस्य देश बना है जिसकी 1,340 किमी सीमा रूस से लगती है।
चीन के खिलाफ खड़े हुए भारत और जापान
अमेरिका अभी भी दुनिया में सबसे ज्यादा सेना पर खर्च करने वाला देश है। अमेरिका का रक्षा बजट साल 2022 में 877 अरब डॉलर रहा जो दुनिया में होने वाले कुल सैन्य खर्च का 39 प्रतिशत है। अमेरिका ने साल 2022 में करीब 20 अरब डॉलर की सैन्य मदद यूक्रेन को दी है। चीन दूसरा सबसे ज्यादा खर्च करने वाला देश है। चीन का सैन्य बजट 292 अरब डॉलर रहा जो साल 2021 के मुकाबले 4.2 प्रतिशत ज्यादा रहा।