देश
बीजेपी या कांग्रेस… कर्नाटक पर किसका होगा कब्जा? चुनाव से पहले चौंका रहा ये ओपिनियन पोल

नई दिल्ली:कर्नाटक चुनाव से ठीक पहले एक और ओपिनियन पोल सामने आया है, जिसके अनुसार कांग्रेस राज्य की सबसे बड़ी पार्टी होगी। हालांकि उसे स्पष्ट बहुमत नहीं मिलेगा। इंडिया टीवी-सीएनएक्स के सर्वे में कांग्रेस को 105 तो वहीं बीजेपी के खाते में 85 सीटें जाती दिख रही हैं। इसके साथ ही जनता दल एस को 32 तो वहीं अन्य को 2 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। इस ओपिनियन पोल के मुताबिक कांग्रेस बहुमत से 8 सीट दूर दिख रही है।
कर्नाटक विधानसभा की 224 सीटों में से कांग्रेस 105 सीटें जीत सकती है। ओपिनियन पोल के वोट सर्वे के मुताबिक कांग्रेस को 40.32, बीजेपी को 35.5 फीसदी और जेडीएस को 17.81 फीसदी वोट मिल सकते हैं। 2018 के चुनाव में बीजेपी ने 104 तो वहीं कांग्रेस ने 80 सीटों पर जीत दर्ज की थी। कर्नाटक में दस मई को चुनाव है।
एक दूसरे ओपिनियन पोल में भी कांग्रेस को बढ़त दिख रही है। शनिवार को आए सी वोटर (C Voter Opinion Poll) की ओर से जारी सर्वे में बीजेपी (BJP) से अधिक कांग्रेस (Congress) को सीटें मिलती दिखाई गईं। एबीपी न्यूज और सीवोटर के सर्वे में कांग्रेस सरकार बनाती हुई दिख रही है। इस सर्वे में कांग्रेस को 110 से 122 सीटें मिल रही हैं। वहीं बीजेपी को 73 से 85 सीटें मिल रही हैं।