छह बार बढ़ाने के बाद RBI ने लगाया ब्रेक, रेपो रेट 6.5 फीसदी पर बरकरार, नहीं बढ़ेगी आपके लोन की EMI

नई दिल्ली: रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (RBI MPC) की तीन दिन की बैठक आज खत्म हो गई है। बैठक खत्म होने के बाद गवर्नर शक्तिकांत दास (Shaktikant Das) सुबह 10 बजे इस बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी दी। रिजर्व बैंक ने राहत देते हुए रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किया है। आरबीआई ने कहा कि सर्वसमत्ति से रेपो रेट को बरकरार रखा गया है। यानी रेपो रेट 6.50 फीसदी पर बरकरार है। लगातार छह बार बढ़ने के बाद सातवीं बार रेपो रेट ना बढ़ाकर आरबीआई ने राहत दी है।
छह बार बढ़ाने के बाद लगा ब्रेक
आपको बता दें कि आरबीआई पिछले साल मई से लेकर अब तक 250 बेसिस प्वाइंट की बढ़ोतरी कर चुका है। लेकिन इस बार राहत दी है। यानी आपका कर्ज और महंगा नहीं होगा और ना ही आपकी EMI बढ़ेगी। RBI ने अपनी रेपो रेट दर में कोई बदलाव नहीं करने का फैसले करते हुए इसे 6.5 फीसदी पर बरकरार रखा है। आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा कि हमने अर्थव्यवस्था में जारी सुधार को बरकरार रखते हुए आम सहमति से नीतिगत दर को बरकरार रखने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने स्थिति के मुताबिक कदम उठाएंगे।