उत्तराखण्डक्राइमराज्य

हल्द्वानी में तेज रफ्तार फॉक्सवैगन और ऑल्टो कार की भीषण टक्कर, 2 लोगों की मौत, 3 घायल

उत्तराखंड के हल्द्वानी में शुक्रवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटे की जान चली गई, जबकि मृतक की पत्नी गंभीर रूप से घायल है। इस हादसे में दो अन्य लोग भी घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा मुखानी थाना के अंतर्गत कालाढूंगी रोड पर अमलतास विला के पास हुआ, जब तेज रफ्तार ऑल्टो कार (UK04AD7621) और फॉक्सवैगन कार (UK04AM7744) की आमने-सामने से टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कारें बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं। इस दुर्घटना में ऑल्टो कार में सवार रामनगर के बैलपड़ाव निवासी कमलेश सिंह (40 साल) और उनकी मां भावना सिंह (60 साल) की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी दीपा सिंह (35 साल) गंभीर रूप से घायल हो गईं।

बताया जा रहा है कि ऑल्टो कार कालाढूंगी से हल्द्वानी की तरफ जा रही थी, जबकि फॉक्सवैगन कार हल्द्वानी से कालाढूंगी की ओर जा रही थी। फॉक्स वैगन में सवार दो लोग भी घायल बताए जा रहे हैं। मुखानी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया।

मुखानी के थाना प्रभारी के अनुसार शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्यवाही की जा रही है। प्रथम दृष्टया माना जा रहा है कि तेज रफ्तार के चलते यह दर्दनाक हादसा हुआ है। पुलिस जांच में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button