उत्तर प्रदेशक्राइमराज्य

कुशीनगर में चाइनीज गेम कंपनियों में पैसा ट्रांसफर कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार

कुशीनगर : जिले के थाना खड्डा पुलिस ने एक बड़े साइबर गिरोह का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके पास से करोड़ों की संपत्ति जब्त की है.

एसपी कुशीनगर ने संतोष मिश्रा ने बताया कि यह संगठित गिरोह लोगों को लालच देकर उनके बैंक खाते खुलवाता था. आरोपी इन खातों को चाइनीज गेमिंग कंपनियों को बेच देते थे.

आरोपी फर्जी सिम का इस्तेमाल कर ऑनलाइन अकाउंट्स को अपने नियंत्रण में लेते थे. आरोपी खाता धारकों के अंगूठे का कूटरचित फिंगर प्रिंट बनाकर अवैध लेनदेन करते थे.

उन्होंने बताया कि गिरोह टेलीग्राम ऐप पर हजारों ग्रुप में जुड़कर कॉरपोरेट अकाउंट की रिक्वेस्ट भेजता था. लोगों को मोटे मुनाफे का लालच देकर चाइनीज गेमिंग कंपनियों में जुआ खेलने के लिए प्रेरित करता था.

उन्होंने बताया कि एक खाते से 4 दिन में लगभग 2 करोड़ रुपये का लेनदेन होता था. इसमें से 6 प्रतिशत यानी करीब 12 लाख रुपये गिरोह को मिलते थे.

उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपियों से करीब 5 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है. गिरोह बिटकॉइन और क्रिप्टोकरेंसी के जरिए भी धन का लेनदेन करता था.

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में रंजीत उर्फ अविनाश यादव, विवेक यादव, अमित और विनोद यादव शामिल हैं. इनमें से तीन अपराधी खड्डा थाना क्षेत्र के तुर्कहा गांव के रहने वाले हैं. एक अपराधी कप्तानगंज के मथौली बाजार का निवासी है.

उन्होंने बताया कि पुलिस ने इनके पास से 5 करोड़ रुपये की संपत्ति बरामद की है. इसमें 20 लाख रुपये से अधिक के सोने, चांदी और हीरे के आभूषण शामिल हैं. इसके अलावा करोड़ों रुपये की जमीन के कागजात, बिटकॉइन और क्रिप्टो करेंसी, दुकान के दस्तावेज भी मिले हैं.

उन्होंने बताया कि बरामद सामान में दो चार पहिया वाहन, दो मोटरसाइकिल, 13 मोबाइल फोन भी शामिल हैं. साथ ही भारी मात्रा में नेपाली और भारतीय सिम कार्ड तथा जाली दस्तावेज भी बरामद हुए हैं. यह कार्रवाई 3 जून 2025 को थाना खड्डा पुलिस, स्वाट और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने की.

अभियान एडीजी गोरखपुर जोन और डीआईजी गोरखपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में चलाया गया. एसपी कुशीनगर संतोष कुमार मिश्रा, एएसपी निवेश कटियार और सीओ खड्डा उमेश चंद्र भट्ट के नेतृत्व में टीम ने यह सफलता हासिल की.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button