दुनिया के सबसे कुख्यात मानव तस्कर को इंटरपोल ने दबोचा, 2019 से था रडार पर, अफ्रीका से यूरोप तक खुलेंगे कई रहस्य

अबू धाबी: दुनिया के सबसे बड़े मानव तस्कर को इंटरपोल ने गिरफ्तार कर लिया है। ये मानव तस्कर अफ्रीकी देश इरीट्रिया का रहने वाला है, जो अपने देश में भगोड़ा घोषित है। यूएई के अधिकारियों के साथ मिल कर सूडान में इसे इंटरपोल ने गिरफ्तार किया है। किडेन जेकारियास हब्टेमरियाम पर एक तस्करी सरगना होने का आरोप लगा है। ये लीबिया में एक शिविर चला रहा था, जहां यूरोप जाने के इच्छुक सैकड़ों पूर्वी अफ्रीकी प्रवासियों का कथित तौर पर अपहरण कर रखा जा रहा था। यहां उनका बलात्कार किया गया और जबरन वसूली की गई।
पहले भी हो चुका है गिरफ्तार
इस कुख्यात मानव तस्कर की गिरफ्तारी के लिए पिछले साल की शुरुआत में UAE और इंटरपोल ने संयुक्त जांच शुरू की थी। हब्टेमरियाम को पकड़ने के लिए उसके भाई के अवैध वित्तीय लेनदेन पर नजर रखी गई। सुवैदी ने कहा कि अब इस तस्कर पर यूएई में मनी लॉन्ड्रिंग का मुकदमा चलेगा। जल्द ही उसे प्रत्यर्पण की संभावना है। 2020 में भी हब्टेमरियाम को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन एक साल बाद वह हिरासत से भाग निकला और बाद में उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई।
गिरफ्तारी से टूटेगा नेटवर्क
हब्टेमरियाम एक अन्य मानव तस्कर तवेल्डे गोइटोम के साथ भी काम कर चुका है, जो कैद की गई महिलाओं के साथ बलात्कार करने के लिए कुख्यात था। इंटरपोल ने कहा कि हब्टेमरियाम की गिरफ्तारी से यूरोप की ओर जाने वाले एक प्रमुख तस्करी मार्ग को बड़ा झटका लगेगा। इससे हजारों लोग शोषण से बचेंगे। इसकी गिरफ्तारी इसके नेटवर्क को तोड़ने की शुरुआत है।