खेल
सूर्यकुमार यादव कर सकते हैं मुंबई इंडियंस की कप्तानी, रोहित शर्मा पर बड़ी खबर

नई दिल्ली: मुंबई इंडियंस के खेमे से बड़ी खबर आ रही है कि कप्तान रोहित शर्मा इंडियन प्रीमियर लीग के कुछ मैचों में बाहर बैठ सकते हैं और उनकी गैरमौजूदगी में विस्फोटक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव टीम की कमान संभालेंगे। रोहित शर्मा वर्कलोड मैनेजमेंट पर नजर गड़ाए हुए हैं, क्योंकि विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल जून में है और वनडे विश्व कप अक्टूबर में है। रिपोर्ट्स की मानें तो भारत के कप्तान बिना किसी चोट के दोनों टूर्नामेंटों का हिस्सा बनने के लिए उत्सुक हैं।
इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, रोहित शर्मा का चोटों का एक बड़ा इतिहास रहा है और वह अब टीम इंडिया के महत्वपूर्ण मैचों को मिस करने के मूड में नहीं हैं। इसलिए वह आईपीएल में चुनिंदा मैच चुनेंगे और डग आउट से सूर्यकुमार का मार्गदर्शन करेंगे। 35 वर्षीय ने पहले जोर देकर कहा था कि खिलाड़ियों को अपने संबंधित आईपीएल फ्रेंचाइजी के लिए खेलते समय खुद को नेशनल टीम के कर्तव्यों के लिए फिट रखना चाहिए।
रोहित ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला में हार के बाद कहा था- यह सब अब फ्रेंचाइजी पर निर्भर है। प्लेयर्स अब फ्रेंचाइजी के अंडर खेलेंगे। हमने टीमों को कुछ संकेत दिए हैं, लेकिन आखिरी फैसला फ्रेंचाइजियों पर निर्भर है। इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि यह खिलाड़ियों पर निर्भर है। वे सभी समझदार हैं; उन्हें अपने शरीर की देखभाल करनी है। अगर उन्हें लगता है कि यह कुछ ज्यादा हो रहा है तो वे इसके बारे में बात कर सकते हैं और एक या दो मैचों के लिए ब्रेक ले सकते हैं। हालांकि, मुझे संदेह है कि ऐसा होगा।
मुंबई का आईपीएल अभियान पिछली बार निराशाजनक रहा था, क्योंकि वे पॉइंट्स टेबल में अंतिम स्थान पर थे। हालांकि, अब मुंबई इंडियंस अपने सफर की शुरुआत नए सिरे से करेगा और उसकी कोशिश होगी कि अपनी कैबिनेट में एक और ट्रॉफी जोड़े।