सांप-चूहे के बाद अब प्लेन में निकला बिच्छू, महिला को काटा तो एयरपोर्ट को भेजा गया अलर्ट

नई दिल्ली: प्लेन में सांप, खटमल, चूहे यहां तक कि पक्षी भी देखे गए हैं लेकिन शायद यह पहली बार है जब एक यात्री को बिच्छू ने काट लिया। मामला अपने देश का ही है। नागपुर-मुंबई फ्लाइट में जब प्लेन रास्ते में था, एक महिला को बिच्छू ने काट लिया। प्लेन के एयरपोर्ट पहुंचने के बाद फौरन महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत ठीक बताई गई। कुछ देर बाद उन्हें घर जाने दिया गया और वह खतरे से बाहर हैं। घटना 23 अप्रैल 2023 की है। एयर इंडिया की नागपुर-मुंबई फ्लाइट (AI 630) आसमान में थी, जब मुंबई एयरपोर्ट को सूचना भेजी गई कि एक डॉक्टर के साथ तैयार रहिए।
इससे पहले एक छोटी जीवित चिड़िया गल्फ-इंडिया फ्लाइट के कॉकपिट में पिछले साल जुलाई में दिखाई दी थी। पिछले दिसंबर में एक भारतीय कैरियर के फ्लाइट कार्गो में सांप मिला था। प्लेन कालीकट से दुबई के रास्ते पर था। चूहे तो कई बार प्लेन में देखे गए हैं।