उत्तर प्रदेशक्राइमराज्य

पुजारी जी तो फर्जी निकले… काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के नाम पर करते थे वसूली, 21 गिरफ्तार

वाराणसी के प्रसिद्ध काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं से फर्जी पंडा-पुजारियों द्वारा ठगी और दुर्व्यवहार की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं. इसी को गंभीरता से लेते हुए वाराणसी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 21 फर्जी पंडा-पुजारियों को गिरफ्तार किया है. ये सभी आरोपी श्रद्धालुओं को ‘सुगम दर्शन’ और ‘VIP दर्शन’ का झांसा देकर मोटी रकम ऐंठते थे और अक्सर उनके साथ दुर्व्यवहार भी करते थे.

दरअसल, काशी विश्वनाथ मंदिर में कॉरिडोर बनने के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में भारी वृद्धि हुई है, जिससे इस तरह के फर्जीवाड़े के लिए जमीन तैयार हो गई. ठग खुद को पंडा या पुजारी बताकर श्रद्धालुओं को भ्रमित करते थे. इनमें से कई ने पारंपरिक वेषभूषा भी धारण कर रखी थी, जिससे वे असली पुजारियों जैसे प्रतीत होते थे.

इस मामले में दशाश्वमेध सर्किल के एसीपी डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी के नेतृत्व में दशाश्वमेध और चौक थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान दशाश्वमेध क्षेत्र से 16 और चौक क्षेत्र से 5 फर्जी पंडा-पुजारियों को गिरफ्तार किया गया.​

एसीपी डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि दशाश्वमेध और चौक थाने की दो टीमें बनाकर जब धरपकड़ शुरू की गई तो दशाश्वमेध से 16 और चौक इलाके से 5 ठगों को गिरफ्तार किया गया. ये सभी लोग मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं से सुगम दर्शन के नाम पर न सिर्फ ठगी और वसूली करते थे, बल्कि उनके साथ बदसलूकी भी करते थे. त्रिपाठी ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में श्रद्धालुओं के साथ ऐसी घटना न हो, इसके लिए पुलिस टीम तैयार है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button