ग्वाटेमाला में मिला रहस्यमय माया सभ्यता का अनोखा संसार, 2000 साल पुराने शहरों को देख फटी रह गई आंखें

ग्वाटेमाला शहर: दुनिया की सबसे रहस्यमय सभ्यताओं में से एक माया सभ्यता कैसे खत्म हो गई, इस सीक्रेट का व्यापक शोध के बाद भी अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। अब लैटिन अमेरिकी देश ग्वाटेमाला में माया सभ्यता से जुड़े एक बड़े रहस्य का खुलासा हुआ है। अब तक माना जाता रहा था कि माया सभ्यता के लोग दूर-दूर बसते थे। अब ग्वाटेमाला के वर्षावनों में 2000 साल पुराने शहर, कस्बे और गांवों की बड़ी खोज हुई है। इससे पता चलता है कि माया सभ्यता के लोग ये बहुत ही घनी आबादी में और संगठित समाज में रहते थे।
पिरामिड, नहरें और खेल के ग्राउंड भी मिले
इन पुरावशेषों की खोज के लिए वैज्ञानिकों ने एक खास तकनीक LiDAR का इस्तेमाल किया। इसमें लेजर किरणों की मदद से नाप की जाती है। इस सर्वे में कई असाधारण रास्तों की भी खोज हुई है जो 100 मील तक फैले हुए थे और विभिन्न बस्तियों को जोड़ते थे। इन बस्तियों में स्मारक, पानी को जमा करने की सुविधा, उत्सव के लिए इमारत, पिरामिड, रहने के लिए ढांचे, नहरें आदि सभी कुछ इन बस्तियों में पाए गए हैं। यही नहीं शोधकर्ताओं को कम से कम 30 खेल के ग्राउंड भी मिले हैं।